जयपुर। राजधानी के एमआई रोड स्थित चैम्बर भवन में सर्व ब्राह्मण महासभा के जयपुर जिला महिला प्रकोष्ठ की ओर से ब्रह्मशक्ति गरबा एवं डांडिया महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया खेलकर उत्सव का आनंद लिया। आयोजन का मुख्य आकर्षण दादी-नानी, मां और बेटियों की तीन पीढ़ियों का एक साथ डांडिया नृत्य रहा।
तीन पीढ़ियों को एक मंच पर जोड़ने की इस पहल के तहत अधिकतम संख्या में दादी-नानी, मां और बेटियों की तिकड़ियों को सामूहिक डांडिया नृत्य में शामिल कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया गया। इस अनूठी पहल के माध्यम से परिवार, भारतीय संस्कृति, लोकपरंपराओं और नारी शक्ति का संदेश दिया गया।
जयपुर जिला महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ममता शर्मा और संगठन महामंत्री डॉ. कविता शास्त्री के नेतृत्व में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ वैष्णो माता के समक्ष दीप प्रज्वलन और महाआरती के साथ हुआ। इसके बाद महिलाओं ने गरबा और डांडिया नृत्य की प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवी बना दिया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं की सांस्कृतिक सहभागिता बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय लोकपरंपराओं से जोड़ना रहा। तीन पीढ़ियों की सामूहिक भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया और परिवारों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा, श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर नगर निगम की उपमहापौर सरोज और राजस्थान की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



















