जयपुर। सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक गोपाल शर्मा ने शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, संतोष नगर, न्यू हरिपुरा में नवीन पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष एवं अतिरिक्त कक्षा कक्षों का लोकार्पण किया। विधायक शर्मा ने इन सभी शैक्षणिक सुविधाओं को विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को समर्पित किया।
विद्यालय में ये समस्त विकास कार्य समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत लगभग 39 लाख रुपए की लागत से करवाए गए हैं। इन सुविधाओं के प्रारंभ होने से विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक-आधारित शिक्षा का लाभ मिलेगा।
लोकार्पण समारोह के दौरान विधायक गोपाल शर्मा ने विद्यालय के विकास में समय-समय पर सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों का सम्मान करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता को अत्यंत सराहनीय बताया।
विधायक शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की दूरदर्शी नीतियों के कारण राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार और संसाधनों का विस्तार संभव हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक सरकारी विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है ताकि हर विद्यार्थी को समान अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना नरूका सहित समस्त शिक्षक-कर्मचारी, विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इसके पश्चात विधायक गोपाल शर्मा ने मजदूर नगर क्षेत्र में चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं का संज्ञान लिया तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।




















