जयपुर। राजस्थान में नशे के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक साथ सात स्थानों पर कार्रवाई कर पन्द्रह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार जब्त किए गए हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि बाड़मेर, पाली, बालोतरा, जालोर, राजसमंद और श्रीगंगानगर में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।
पाली: सांभरिया दिवेर नाल घाटी में नाकाबंदी के दौरान तस्करों ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में 506 किलो डोडा चूरा, पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस, 12 बोर गन, 13 कारतूस और स्कॉर्पियो जब्त की गई। जोधपुर निवासी दिनेश गिरफ्तार, एक घायल तस्कर उपचाराधीन है।
जालोर/धोरीमन्ना: 25 हजार के इनामी तस्कर कमलेश को गिरफ्तार किया गया। वह घर में एमडी की फैक्ट्री संचालित करता था।
बाड़मेर (रीको एरिया): बाबूलाल को 1.286 किलो अफीम का दूध व 334 ग्राम अफीम सहित पकड़ा गया।
श्रीगंगानगर: हर्ष सोनी को 102.12 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया। अन्य कार्रवाई में राणोबाई, सोनीराम व राजकुमार से 96 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। वहीं गुरप्रीत सहित चार तस्करों से 115 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
सायला (जालोर): भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर 4.211 किलो अफीम का दूध व दो कार जब्त कर पवन, चेतन, अभिषेक व राजूराम को पकड़ा गया।
आईजी ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए एएनटीएफ की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




















