जयपुर। विधायकपुरी थाना पुलिस ने दो कार्टूनों में भरे 42 कबूतरों को आजाद करवाते हुए वनजीव तस्करी के आरोप में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि कबूतरों को दौड़ -फाइट के लिए कार्टूनों में बंद कर मकराना ले जाया जा रहा था। पुलिस वन्यजीव तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि विधायकपुरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सरफराज खान (20), मोहम्मद जुनैद (20) और मोहम्मद सोनू (22) निवासी मकराना (नागौर) को गिरफ्तार किया गया है। जिनके कब्जे से 2 कार्टूनों में भरे 42 कबूतरों को आजाद करवाया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एमआई रोड पर जमीदारा ट्रेवल्स के सामने 3 लड़के खड़े हैं, जिनके पास 2 कार्टून हैं।
जिनमें से तेज फड़फड़ाने की आवाज आ रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों संदिग्धों को पकड़कर कार्टून की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके अंदर ठूस-ठूस कर भरे 42 सफेद कबूतर मिले। पुलिस ने मौके पर ही कबूतरों को आजाद करवा कर तीनों तस्करों को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कबूतरों की दौड़ और फाइट के लिए इन्हे मकराना लेकर जा रहें थे और कबूतर उड़ ना सकें इसके लिए उनके पंख काटे हुए थे।




















