आदर्श क्रेडिट सोसायटी पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 7.72 करोड़ की संपत्तियां अटैच

0
65

जयपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जयपुर ने मेसर्स आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7.72 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियां अटैच की हैं। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत की गई है।

ईडी ने इस प्रकरण में 139 व्यक्तियों और कंपनियों के खिलाफ स्पेशल कोर्ट (पीएमएलए) जयपुर में मामला दर्ज किया है। एलडी स्पेशल कोर्ट ने प्रकरण का संज्ञान ले लिया है।

इससे पहले स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने सोसायटी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मुख्य आरोपी मुकेश मोदी और राहुल मोदी पर आरोप है कि उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सोसायटी के निवेशकों और सदस्यों से करोड़ों रुपए एकत्र किए और बाद में इस राशि को आदर्श ग्रुप ऑफ कंपनीज तथा उससे जुड़ी फर्मों और निदेशकों के माध्यम से हड़प लिया।

ईडी की जांच में सामने आया कि मुकेश मोदी और उनके परिवार का सोसायटी और उसके फंड्स पर पूर्ण नियंत्रण था। निवेशकों को ऊंचे रिटर्न का लालच देकर हजारों करोड़ रुपए जुटाए गए। जांच में पाया गया कि सोसायटी की रकम को असुरक्षित ऋण, पारिवारिक सदस्यों को मनमानी भुगतान, पारिवारिक फर्मों को एजेंसी कमीशन, घाटे वाली शेयर ट्रेडिंग और रियल एस्टेट में निवेश के रूप में डायवर्ट किया गया।

ईडी के अनुसार आरोपी मुकेश मोदी, उनके परिवारजनों, सहयोगियों और उनकी कंपनियों/फर्मों/एलएलपी ने अपराध से अर्जित आय (पीओसी) के रूप में लगभग 3830.06 करोड़ रुपए का लाभ प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग विभिन्न चल-अचल संपत्तियां खरीदने में किया गया।

ईडी इससे पूर्व भी इस मामले में 2176 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच कर चुकी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here