डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी की मांग पर वकीलों का धरना जारी

0
45

जयपुर। निविक हॉस्पिटल के संचालक डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वकीलों ने हाईकोर्ट के बाहर पिछले कई घंटे से धरना देते हुए रास्ता जाम कर रखा है। प्रदर्शन के चलते पुलिस ने यातायात डायवर्ट कर दिया है।

विवाद बढ़ने पर बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) के चेयरमैन भुवनेश शर्मा ने हाईकोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की। इस पर अदालत ने एएजी जीएस गिल को मध्यस्थता के निर्देश दिए। मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस इंद्रजीत सिंह की पीठ के समक्ष पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल सहित अन्य अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

कोर्ट ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने के लिए वकीलों को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने को कहा है। वकीलों ने हाईकोर्ट के बाहर धरना शुरू किया और रात भर डटे रहे। उनका कहना है कि जब तक डॉक्टर की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

मामला अधिवक्ता जितेंद्र शर्मा की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर से जुड़ा है। उन्होंने अपनी मां के इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया था। इस संबंध में सितंबर 2025 में डॉ. सोनदेव बंसल के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुआ था।

वकीलों का आरोप है कि इतने समय बाद भी पुलिस ने न तो गिरफ्तारी की और न ही जांच में अपेक्षित प्रगति दिखाई। उनका कहना है कि प्रभावशाली लोगों से जुड़े मामलों में कार्रवाई में देरी हो रही है।

वहीं प्राइवेट हॉस्पिटल्स एंड नर्सिंग होम्स एसोसिएशन ने गिरफ्तारी की मांग को गैर-वाजिब बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि दबाव में कार्रवाई की गई तो प्रदेशभर के चिकित्सक आंदोलन करेंगे। मामले को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here