ग्राम विकास अधिकारी व दलाल आठ हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
24

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की प्रतापगढ़ टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी यशवंत जोशी और दलाल राजमल (ई-मित्र संचालक) को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि इस ट्रैप कार्रवाई में सामने आया कि परिवादी से मकान के पट्टे की रजिस्ट्री कराने के एवज में कुल 12 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत सुहागपुरा के ग्राम विकास अधिकारी तथा ग्राम पंचायत कचोटिया के अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे यशवंत जोशी ने दलाल राजमल के माध्यम से रिश्वत की मांग की। सत्यापन में यह पुष्टि हुई कि 8 हजार रुपये रजिस्ट्री से पहले और शेष राशि बाद में देने का तय हुआ था।

जिस पर एसीबी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई कर दलाल राजमल को 8 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान राजमल से मोबाइल पर ग्राम विकास अधिकारी से बातचीत कराई गई। जिसमें आरोपी ने रिश्वत राशि लेने की स्वीकृति दी और रजिस्ट्री पर हस्ताक्षर करने के लिए ई-मित्र केंद्र आने को कहा। इसके बाद एसीबी ने यशवंत जोशी को भी गिरफ्तार कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here