तीस साल बाद मावठा सरोवर में बोटिंग शुरू: झील से आमेर महल का अद्भुत नजारा

0
60
Boating started in Maatha Sarovar after 30 years
Boating started in Maatha Sarovar after 30 years

जयपुर। आमेर किले के सामने स्थित मावठा सरोवर में करीब 30 वर्ष बाद पर्यटकों के लिए बोटिंग सेवा शुरू हो गई है। इससे देशी-विदेशी सैलानियों को झील के बीच से आमेर महल और अरावली की पहाड़ियों का अद्भुत दृश्य देखने का अवसर मिलेगा। बोटिंग शुरू होने के साथ ही पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया और सैलानियों ने नाव में बैठकर ऐतिहासिक आमेर की सुंदरता को कैमरों में कैद किया।

पर्यटन विभाग के निदेशक माधव शर्मा ने बताया कि बोटिंग सेवा का संचालन अनुबंध के तहत जसराज इंफ्रा को सौंपा गया है। इस पहल से आमेर क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया है।

कंपनी के प्रोजेक्ट हेड सुमित सिंह ने बताया कि मावठा झील में शुरुआत में पैडल बोट, शिकारा बोट, स्पीड बोट और इलेक्ट्रिक मोटर बोट की सुविधा दी गई है। झील में कुल करीब 50 इको-फ्रेंडली नावें संचालित की जाएंगी । जिनमें दो रेस्क्यू बोट भी शामिल हैं। इसके अलावा 30 सीटर लग्जरी बोट भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी, जबकि हेरिटेज लुक वाली बोट और विशेष प्री-वेडिंग शूट बोट जल्द जोड़ी जाएंगी।

आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि लंबे समय से पर्यटकों और पर्यटन से जुड़े लोगों की बोटिंग शुरू करने की मांग थी। अब झील के बीच से आमेर महल का नजारा देखने के साथ पर्यटक केसर क्यारी को भी करीब से देख सकेंगे। कुछ नावों में कलाकार लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देंगे, जिससे पर्यटक राजस्थानी संस्कृति का अनुभव कर सकेंगे। बोटिंग के दौरान सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट, प्रशिक्षित नाविक, गोताखोर और सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था की गई है। साथ ही रेस्क्यू बोट भी तैनात रहेगी।

टिकट दरें 200 से 1600 रुपये तक रखी गई हैं। पैडल बोट (30 मिनट) के लिए भारतीय पर्यटकों से 200 रुपये और विदेशी पर्यटकों से 400 रुपये लिए जाएंगे, जबकि लग्जरी मोटर बोट में लोक संगीत के साथ सैर के लिए भारतीयों से 800 और विदेशियों से 1600 रुपये शुल्क निर्धारित है। शिकारा राइड, स्पीड बोट और अन्य विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे।

परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों के लिए 3 से 8 वर्ष तक के बच्चों को 50 प्रतिशत शुल्क में रियायत दी जाएगी, जबकि 3 वर्ष से कम आयु के बच्चों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार मावठा सरोवर में बोटिंग शुरू होने से आमेर आने वाले पर्यटकों के लिए नया अनुभव जुड़ेगा और इससे स्थानीय पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here