जयपुर। पंकज चौधरी के नाबाद अर्धशतक 55 और राष्ट्रदीप के 40 रनों की बदौलत आईएएस एकादश ने सोमवार को विधायक एकादश को सवाई मान सिंह स्टेडियम स्थित क्रिकेट अकादमी पर तीन दिवसीय मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में 9 विकेट से हराकर खिताब जीता।
कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मेन ऑफ़ द सीरीज रहे। जबकि श्री पंकज चौधरी प्लेयर ऑफ़ थे फाइनल, अशोक चाँदना बेस्ट बैट्समैन तथा श्री राष्ट्रदीप यादव बेस्ट बॉलर चुने गये।
विधायक एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 122 रन बनाए। विधायक एकादश के कप्तान खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए केवल 38 गेंद पर 9 चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन की पारी खेली, जबकि पूर्व खेल मंत्री अशोक चांदना ने 20 गेंद पर तीन छक्के की मदद से 27 रन बनाए। आईंएएस एकादश की तरफ से गेंदबाजी करते हुए राज ऋषि ने दो विकेट लिए।
123 रनो के लक्ष्य का पीछा करते हुए आईएएस एकादश की टीम ने पंकज चौधरी के शानदार 30 गेंदों में 12 चौकों की मदद से बनाए 55 रन व राष्ट्रदीप के 22 गेंद में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से बनाए 40 रनों की मदद से आसानी से 9 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब जीता।
मैच का टॉस विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने करवाया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह डोटासरा, स्वायत शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा मौजूद थे।
पारितोषिक वितरण संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने किया।
इस प्रतियोगिता में पाँच टीमों विधायक एकादश, आईएएस एकादश, पत्रकार एकादश-ए, पत्रकार एकादश-बी एवं विधानसभा कर्मचारी एकादश ने भाग लिया था।




















