जयपुर। बजाज नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नागालैंड की एक युवती की मौत हो गई। टैक्सी बाइक से गिरने के बाद पीछे से आ रहे गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
सड़क दुर्घटना थाना (पूर्व) के हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान नागालैंड निवासी लिगा जिमो (22) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो साल से जयपुर के मालवीय नगर क्षेत्र में किराए पर रह रही थी और एक पार्लर में काम करती थी।
जो सोमवार रात वह सिंधी कैंप से टैक्सी बाइक लेकर अपने घर मालवीय नगर लौट रही थी। इसी दौरान गोपालपुरा बाईपास पर पुलिया पर चढ़ते समय बाइक चालक ने अचानक नीचे की ओर मोड़ लिया। इससे संतुलन बिगड़ने पर युवती बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एचपी गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




















