जयपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की टीम ने मध्यप्रदेश के नीमच जिले में एक मोटरसाइकिल से 14.300 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुन्देल ने बताया कि टीम को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल भाटखेड़ा चौराहे से मल्हारगढ़ की ओर बड़ी मात्रा में अवैध अफीम ले जा रही है। सूचना के आधार पर सीबीएन चित्तौड़गढ़-2 डिवीजन की टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया और संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखी गई।
टीम ने महू-नीमच रोड स्थित भाटखेड़ा चौराहे के पास मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान मूंगफली से भरे पारदर्शी बैग के नीचे छिपाकर रखे गए 10 पैकेट में कुल 14.300 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद अफीम और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। साथ ही दो आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सीबीएन अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि समाज खासकर युवाओं को नशे की समस्या से बचाया जा सके और नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को मजबूती मिल सके।




















