जयपुर में होगा विश्व ब्राह्मण सभा ट्रस्ट का राष्ट्रीय अधिवेशन

0
67
National convention of Vishwa Brahmin Sabha Trust to be held in Jaipur
National convention of Vishwa Brahmin Sabha Trust to be held in Jaipur

जयपुर। विश्व ब्राह्मण सभा ट्रस्ट का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 14 और 15 मार्च को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन पंचायती राज सभा भवन में होगा। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित देवनारायण जैमन, राष्ट्रीय महामंत्री महेश कुमार शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष बृजेश शर्मा तथा जयपुर महानगर अध्यक्ष पंडित रघु शर्मा ने बताया कि अधिवेशन में देशभर से समाज के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि विश्व ब्राह्मण सभा का उद्देश्य समाज के अन्य संगठनों को साथ लेकर समाज को उन्नति और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाना है। जब बौद्धिक समाज प्रगति करता है तो उसका लाभ राष्ट्र और अंततः पूरे विश्व को मिलता है।

अधिवेशन के दौरान विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा अलग-अलग सत्रों में विचार साझा किए जाएंगे। इन सत्रों में समाज में संस्कार निर्माण, समृद्ध राष्ट्र की अवधारणा को मजबूत करने तथा समाज को सशक्त बनाने के उपायों पर व्यापक चर्चा होगी।

पदाधिकारियों के अनुसार सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अधिवेशन का शुभारंभ देश के प्रमुख संत-महात्माओं के सानिध्य में किया जाएगा। अधिवेशन में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से समाज के प्रतिनिधियों ने सहमति दी है।

अधिवेशन की सफलता के लिए जयपुर महानगर सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम के पोस्टर भी लगाए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here