जयपुर। सिंधी समाज के आराध्य भगवान श्री झूलेलाल का जन्मोत्सव चेटीचंड 20 मार्च को शहर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर चेटीचंड सिंधी मेला समिति महानगर जयपुर की ओर से धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है।
समिति अध्यक्ष नरेंद्र मूलचंदानी ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 15 मार्च को शाम 5 बजे आदर्श नगर स्थित दशहरा मैदान में विशाल सिंधी मेले से होगी। मेले में भगवान झूलेलाल की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी, जिसमें भगवान झूलेलाल झूले पर विराजमान होंगे तथा सिंधु संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। श्री अमरापुर दरबार के संत मोनूराम जी धर्मध्वजा फहराकर व दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ करेंगे। बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता, महिलाओं के लिए सिंधी व्यंजन प्रतियोगिता तथा सिंधी संगीत की सुरमई शाम का भी आयोजन होगा।
भारतीय सिंधु सभा के तत्वावधान में 15 मार्च को सुबह 8 बजे त्रिमूर्ति सर्किल से वाहन रैली निकलेगी, जो दशहरा मैदान पहुंचकर समाप्त होगी। 17 मार्च को मानसरोवर स्थित सामुदायिक केंद्र थड़ी मार्केट में सांस्कृतिक कार्यक्रम व कलश यात्रा होगी। 18 मार्च को 551 महिलाओं की विशाल कलश यात्रा गोविंद देवजी मंदिर से प्रारंभ होकर कंवर नगर स्थित झूलेलाल मंदिर पहुंचेगी, जहां महाआरती होगी।
19 मार्च को बनी पार्क स्थित झूलेलाल मंदिर में लोकनृत्य ‘छेज’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 20 से अधिक टीमें भाग लेंगी। 20 मार्च को चेटीचंड महोत्सव के दिन सुबह मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान होंगे, जबकि दोपहर 2 बजे चौगान स्टेडियम से भव्य शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा में 51 झांकियां और शहर के प्रमुख बैंड सिंधी संगीत की प्रस्तुति देंगे। विभिन्न मार्गों से होती हुई यात्रा कंवर नगर स्थित झूलेलाल मंदिर पहुंचेगी।




















