जयपुर। हिंदू नवसंवत्सर व चैत्र नवरात्र के अवसर पर शहर में धार्मिक आयोजनों की धूम के बीच गोविंद देव जी मंदिर में रविवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में निशुल्क “श्रीराम-शक्ति गायत्री महायज्ञ” एवं नवरात्र अनुष्ठान आयोजित हुआ।
चैत्र नवरात्र में जप-साधना कर रहे श्रद्धालुओं ने अपने मंत्र-जप के दशांश के अनुसार विधिवत हवन में आहुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ वेदमाता गायत्री, गोविंद देव जी, पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं भगवती देवी शर्मा के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ।
यज्ञ का संचालन डॉ. राजकुमार सातनकर ने किया। सह-व्यवस्थापक मणि शंकर पाटीदार के निर्देशन में करीब 250 से अधिक श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की भावना से आहुतियां अर्पित कीं। हवन में मां दुर्गा व भगवान श्रीराम के मंत्रों के साथ विशेष आहुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों के साथ पहुंचे, वहीं युवाओं ने भी उत्साह से भाग लिया। पूर्णाहुति पर एक बुराई त्यागने और एक अच्छाई अपनाने का संकल्प दिलाया गया। उधर, शिला माता, मनसा माता, काली माता (घाट गेट), वैष्णो देवी (राजापार्क) व दुर्गापुर स्थित मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जबकि राम व हनुमान मंदिरों में रामचरितमानस व वाल्मीकि रामायण का पाठ हुआ।




















