पुलिस अधिकारियों को दिया सकारात्मक व्यवहार और प्रभावी नेतृत्व का प्रशिक्षण

0
40

जयपुर। पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास मजबूत करने तथा पुलिस अधिकारियों में सकारात्मक दृष्टिकोण, प्रभावी संवाद और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से जयपुर में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। उदय पारीक एचआरडी रिसर्च फाउंडेशन, आईआईएचएमआर यूनिवर्सिटी, नेशनल एचआरडी नेटवर्क के जयपुर चैप्टर और क्लार्क्स आमेर के संयुक्त तत्वावधान में ‘पुलिसिंग में सकारात्मक व्यवहार’ विषय पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उद्घाटन सत्र में पुलिस सेवा में सकारात्मक व्यवहार, प्रभावी नेतृत्व, नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता और जनविश्वास के महत्व पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने पुलिसिंग में बेहतर पारस्परिक संबंधों और सकारात्मक दृष्टिकोण को संगठनात्मक प्रभावशीलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को आत्म-जागरूकता, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, सहानुभूति, प्रभावी संवाद और नेतृत्व क्षमता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में संवाद, आत्म-मूल्यांकन, समूह चर्चा, अनुभव साझा करने और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को सीखने का अवसर मिला।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों के व्यावसायिक कौशल को विकसित करने के साथ पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना था। इसके जरिए मानव संसाधन विकास, नेतृत्व क्षमता, पारस्परिक संबंधों और संगठनात्मक कार्यक्षमता को बढ़ावा देने पर भी ध्यान दिया गया।

उदय पारीक एचआरडी रिसर्च फाउंडेशन के न्यासी मंडल में पारस कुहाड़, बसंत खेतान, ए.के. गुप्ता, अपूर्व कुमार और डॉ. सुरभि पुरोहित शामिल हैं। कार्यक्रम के आयोजन में आईआईएचएमआर यूनिवर्सिटी, जयपुर ने सहयोग प्रदान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here