महिला सुरक्षा के लिए पुलिस का बड़ा अभियान: ‘कालिका’ यूनिट ने 10 मनचलों को दबोचा

0
76

जयपुर। राजधानी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ ने विशेष अभियान छेड़ रखा है। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशन में यूनिट ने शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने वाले 10 मनचलों को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और यूनिट की सुपरविजन अधिकारी रानू शर्मा के नेतृत्व में कालिका यूनिट ने न केवल अपराधियों पर शिकंजा कसा, बल्कि जागरूकता अभियान भी चलाया। यूनिट की मास्टर ट्रेनर्स ने विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, गर्ल्स हॉस्टलों और मॉल्स में जाकर 2,025 छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) का प्रशिक्षण दिया। साथ ही, 2,792 महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस ने सार्वजनिक परिवहन के संसाधनों जैसे लो-फ्लोर बसों, सिटी बसों और मिनी बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘राजकॉप सिटीजन एप’ के क्यूआर कोड स्टीकर चस्पा किए हैं। अभियान के दौरान 1,336 महिलाओं को यह एप डाउनलोड करवाकर ‘नीड हेल्प’ फीचर के बारे में जानकारी दी गई।

कालिका यूनिट शैक्षणिक संस्थानों, पार्कों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त कर रही है। पीछा करने, छींटाकशी करने या अश्लील हरकत करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ यूनिट की टीमें सादे कपड़ों में भी निगरानी रख रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here