जयपुर। राज्य में चल रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने बुधवार को मुहाना मंडी में कार्रवाई करते हुए तरबूज के नमूने लिए। कृत्रिम रंग की मिलावट की शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के निर्देशन में सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने यह अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न थोक विक्रेताओं से तरबूज के कुल 6 नमूने लिए गए।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि बाजार में बिक रहे तरबूज में कृत्रिम रंग मिलाया जा रहा है। शिकायत के आधार पर केंद्रीय दल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम को सुबह मुहाना मंडी भेजा गया।
जांच के दौरान मंडी में उपलब्ध तरबूज की मौके पर प्राथमिक जांच की गई। साथ ही लिए गए नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला में कृत्रिम रंग, आर्टिफिशियल स्वीटनर सहित अन्य मानकों की जांच के लिए भेजा गया है।

अधिकारियों के अनुसार मुहाना मंडी में मुख्य रूप से कोटपुतली, पावटा, शाहपुरा और चौमू से तरबूज की आवक होती है। इसके अलावा महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से भी बड़ी मात्रा में तरबूज यहां पहुंचता है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि तरबूज सहित अन्य फलों की जांच अभियान के तहत लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।




















