जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के जयपुर शहर जिला कार्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बृहद संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न महिला संगठनों की सैकड़ों प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर अधिनियम के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
संगोष्ठी की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि मंजू शर्मा (सांसद, जयपुर) ने कहा कि 2023 में पारित यह संवैधानिक संशोधन लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण प्रदान करता है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि नारी शक्ति देश की आधारशिला रही है और यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे बढ़ाने का स्वर्णिम अवसर देगा। जयपुर ग्रेटर की पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने 9667173333 नंबर पर मिस्ड कॉल करवाकर अधिनियम के समर्थन में अभियान चलाया। वहीं पूर्व महापौर कुसुम यादव ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित किया।
भाजपा जिला महामंत्री रेखा राठौड़ ने इसे महिलाओं की दशा और दिशा बदलने वाला कानून बताया, जबकि राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा ने इसे महिलाओं के अधिकार और नेतृत्व को नई ऊंचाई देने वाला कदम बताया।
कार्यक्रम में ज्योति खंडेलवाल, शीला धाबाई, शंकर गोरा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में “नारी शक्ति जिंदाबाद” और “मोदी जी जिंदाबाद” के नारों के साथ संगोष्ठी संपन्न हुई।




















