
जयपुर। राजापार्क स्थित श्री कृष्ण परनामी मंदिर का तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह बैसाखी पर्व पर श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत 12 अप्रैल को प्रभात फेरी, धर्म ध्वजा फहराने, अखंड पारायण पूजन और रक्तदान शिविर से हुई।
पंचायत प्रधान विजय परनामी ने बताया कि श्री राज श्यामा जी का चंदन, गुलाब व केवड़ा से भव्य अभिषेक किया गया, वहीं स्वाति परनामी के निर्देशन में हिंदुत्व आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया। समिति अध्यक्ष कमल परनामी ने संप्रदाय की स्थापना और उसके मानवता व एकता के संदेश पर प्रकाश डाला।
इस समारोह में करनाल धाम से आए जगत राज महाराज एवं दिल्ली से पधारी परीम सखी महाराज ने ‘मुखवाणी’ को ईश्वरीय ज्ञान का स्रोत बताते हुए उसके आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
महिला मंडल की सदस्यों ने “श्याम सुंदर बांसुरी वाले…” सहित विभिन्न भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। मध्यान्ह में भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं समिति के पदाधिकारियों ने संभाली, जबकि विभिन्न समाजों के गणमान्य अतिथियों का स्वागत भी किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही।



















