जयपुर। मालवीय नगर थाना पुलिस ने लूट के इरादे से युवक पर डंडों और सरियों से जानलेवा हमला कर बैग लूटने के मामले में तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। प्रत्येक आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि मालवीय नगर थाना पुलिस ने लूट के इरादे से युवक पर डंडों और सरियों से जानलेवा हमला कर बैग लूटने के मामले में मुबारक अली (19) निवासी श्रीरामपुरी कॉलोनी झोटवाड़ा, नितिन कुमार उर्फ छोटू (21) निवासी बिदायका और कुलदीप मीना उर्फ गोलू (23) निवासी हसनपुरा जयपुर को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी गौरव प्रधान ने बताया कि प्रताप नगर निवासी राहुल अरोड़ा ने मालवीय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई सचिन अरोड़ा कार्यालय से काम पूरा कर मोटरसाइकिल से जगतपुरा स्थित घर जा रहा था। इस दौरान प्रधान मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर गिरा दिया और लूट के इरादे से डंडों व सरियों से हमला कर दिया।
हमलावर उसका बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में मोबाइल और नकदी थी। हमले में सचिन का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया और एक आंख की रोशनी चली गई। पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

















