जयपुर। पोद्दार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स की ओर से शनिवार को 12वीं कक्षा के हाल ही जारी हुए परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 200 से अधिक मेधावी छात्रों को पोद्दार गौरव शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जयपुर के विभिन्न स्कूलों से विभिन्न संकाय में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले स्टूडेंट्स को सम्मानित किया गया।
इस दौरान 95% व इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले स्टूडेंट्स को विशेष प्रशंसा पत्र दिए गए। कार्यक्रम के दौरान शिक्षाविदों ने स्टूडेंट्स को मोटीवेट करते हुए कहा कि अब शिक्षा का ट्रेंड बदल चुका है, वर्तमान में स्किल बेस्ड शिक्षा की महत्ता बढ़ गई है, साथ ही स्वयं को ग्लोबल और मार्केट ट्रेंड के अनुरूप तैयार करने पर ही सफलता संभव है।
पोद्दार ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आनंद पोद्दार ने स्टूडेंट्स को बधाई देते हुए आगामी करियर के लिए सटीक रणनीति के साथ आगे बढ़ने को कहा। उन्होंने मैनेजमेंट के swot कॉन्सेप्ट के साथ आगे निर्णय लेने को कहा, जिसमें स्टूडेंट्स को स्वयं की स्ट्रेंथ, वीकनेस, उपलब्ध ऑपर्च्युनिटी एवं थ्रेट को ध्यान में रखते हुए आगामी करियर चुनने को कहा। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी को प्रोत्साहन मिलता है एवं वे बेहतर करने के लिए प्रेरित होते है।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से शिक्षाविद् शामिल हुए एवं स्टूडेंट्स के मार्गदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रिंसिपल, शिक्षक, संस्था प्रधान समेत अन्य शिक्षाविद् स्टूडेंट्स से रूबरू हुए। आयोजन का समापन ओपन माइक सत्र के साथ हुआ जिसमें स्टूडेंट्स ने कविता, संगीत, ड्रामा एवं अन्य प्रस्तुतियों से अपनी क्रिएटिविटी प्रदर्शित की एवं समाज की विभिन्न कुरीतियों पर प्रकाश डाला।




















