जयपुर। राजधानी जयपुर के पुराना आमेर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुधवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। एक बाइक में शॉर्ट सर्किट के चलते लगी आग ने पास खड़ी दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
सुभाष चौक थाना प्रभारी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि घटना रात करीब 12 बजे की है। उस समय पेट्रोल पंप पर डीजल टैंकर खाली होने के बाद खड़ा था और कई ग्राहक अपने वाहनों में पेट्रोल भरवा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पास में खड़ी दूसरी बाइक भी जलने लगी। आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए फायर इक्विपमेंट का उपयोग कर आग पर तुरंत काबू पा लिया।
समय पर आग बुझाए जाने से आग फैलने से रुक गई और पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना में दोनों बाइकों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है।




















