जयपुर। राजधानी के हरमाड़ा क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। बैनाड़ भेरूजी मंदिर के पास निर्माण कार्य के दौरान सेफ्टी टैंक की दो कुई ढहने से मजदूर मलबे में दब गया। देर तक चले रेस्क्यू के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब मजदूर टैंक के अंदर काम कर रहा था। अचानक कुई की दीवार भरभराकर गिर गई और वह मलबे में दब गया। इसी दौरान पास की दूसरी कुई भी ढह गई, जिससे मलबा और बढ़ गया तथा मजदूर पूरी तरह दब गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस व बचाव दल मौके पर पहुंचे। भारी मलबा हटाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद मजदूर को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विजय गिरी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का निवासी था और जयपुर में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।




















