जयपुर। चौमूं थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 820 ग्राम गांजा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में उपयोग की जा रही बिना नंबर प्लेट की बाइक भी जब्त की है।
थाना प्रभारी हरबेन्द्र सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष ‘ए’ श्रेणी नाकाबंदी अभियान के तहत की गई।
टांटियावास टोल प्लाजा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बाइक को रुकवाया गया। जहां तलाशी लेने पर चालक के पास काले रंग की थैली में 820 ग्राम गांजा मिला। जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुल्तान सांसी उर्फ लाला (23) निवासी सांसियों की ढाणी, गौरी का बास, गोविंदगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से गांजा सप्लाई नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई को थानाधिकारी हरबेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लेखराम, हेड कांस्टेबल अमीचंद सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने अंजाम दिया।




















