जयपुर। आखातीज (अक्षय तृतीया) के पावन अवसर पर ब्रह्मपुरी थाना के सामने स्थित मंदिर श्री बद्री नारायण जी में भव्य मेले का आयोजन किया गया, जहां आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री नारायण जी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। मेले में विभिन्न व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
इस अवसर पर विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य के सानिध्य में सम्पूर्ण व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया गया। उन्होंने भाजपा हवामहल विधानसभा की ओर से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ श्रद्धालुओं के लिए सेवा भाव से आइस्क्रीम वितरण भी किया गया जिसे लोगों ने सराहा।
स्वामी बालमुकुंदाचार्य ने बताया कि आखातीज का पर्व सनातन धर्म में विशेष महत्व रखता है।
इस दिन किया गया दान, पुण्य एवं पूजा-अर्चना अक्षय फल प्रदान करते हैं। यह पर्व समाज में सेवा, समर्पण और सद्भावना की भावना को सुदृढ़ करता है। छोटी काशी जयपुर में अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त के अवसर पर विवाह उत्सव, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों की धूम है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे आयोजन में अनुशासन एवं भक्ति का सुंदर समन्वय देखने को मिला। इस अवसर पर मन्दिर महंत बच्चन दास महाराज, जसपाल दास सेवक, अमर गुप्ता, मनीष खंडेलवाल, मानप्रकाश गुप्ता, दीपक शर्मा, नरेन्द्र स्वामी, तरुण शर्मा आदि उपस्थित रहे।




















