जयपुर। रामनगरिया थाना पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नकदी और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है। आरोपियों ने मौज-मस्ती के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजिता शर्मा ने बताया कि रामनगरिया थाना पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए अभिषेक यादव (23) निवासी रामचंद्रपुरा, कोटपूतली-बहरोड़, सूर्य प्रताप सिंह (20) निवासी कितलसर, नागौर और जयवीर सिंह नरूका (19) निवासी खोराबीसल जयपुर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मौज-मस्ती के आदी हैं और घूमने-फिरने के लिए उन्होंने अपने परिचित से स्विफ्ट कार ली थी। पैसों की जरूरत होने पर उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालक की रैकी कर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई राशि बरामद कर ली है तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है।
थानाधिकारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि 25 मार्च 2026 को परिवादी ने रामनगरिया थाने में लूट का मामला दर्ज हुआ था कि वह जगतपुरा फाटक के पास कंचन मेडिकल स्टोर संचालित करता है और 24 मार्च की रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय अपने साथ दिनभर की बिक्री की राशि बैग में लेकर जा रहा था।
रास्ते में सुनसान जगह पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। गिरने के बाद कार सवार दो बदमाशों ने धक्का-मुक्की कर उसका बैग छीन लिया, जिसमें करीब 70-80 हजार रुपए नकद, एक सैमसंग मोबाइल और जरूरी दस्तावेज थे। इस
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त हरिशंकर शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों के रूट का पता लगाया और तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर नागौर जिले के डेगाना क्षेत्र से तीनों आरोपियों को दबोच लिया।



















