सद्गुरु टेऊँराम मासिक जन्मोत्सव बुधवार को: 56 भोग अर्पित होंगे और संगीतमय ब्रह्मदर्शनी पाठ

0
35
Sadhguru Teunram monthly birth anniversary on Wednesday
Sadhguru Teunram monthly birth anniversary on Wednesday

जयपुर। श्री अमरापुर स्थान जयपुर में प्रेम प्रकाश मंडल के संस्थापक मंगलमूर्ति आचार्य 1008 योगीराज सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का मासिक जन्मोत्सव चौथ पर्व बुधवार को श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उत्सव की शुरुआत प्रातः 6 बजे मंगला दर्शन से होगी, जिसमें श्रद्धालु गुरु चरणों में पुष्प अर्पित कर मंगल कामना करेंगे। इसके बाद सुबह 7 से 8:30 बजे तक नित्य नियम प्रार्थना, भजन-कीर्तन, गुरु प्रार्थना पाठ एवं आचार्य श्री की महिमा का गुणगान किया जाएगा।

सायंकाल 4 बजे महिला मंडल द्वारा सामूहिक चालीसा एवं जन्म सखी पाठ आयोजित होगा। इसके पश्चात संत महात्माओं द्वारा सद्गुरु टेऊँराम जी महाराज रचित ग्रंथ ‘ब्रह्म दर्शनी’ का संगीतमय पाठ किया जाएगा। साथ ही सतनाम साखी महामंत्र का जाप एवं आरती के बाद आचार्य श्री के विग्रह के समक्ष 56 व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम में स्वामी मनोहर लाल महाराज, स्वामी मोहन लाल महाराज, संत नवीन एवं संत गुरुदास सहित संतजन आध्यात्मिक वाणी, भजन, दोहे और पदों का गायन करेंगे। उत्सव के उपलक्ष्य में समाधि स्थल एवं मंदिर परिसर को ऋतु पुष्पों से सजाया जाएगा तथा मुख्य द्वार पर आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी।

श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, मिल्क रोज एवं शर्बत की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here