रत्नों से सजे भगवान श्रीराम: हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

0
39
Lord Shri Ram Adorned with Gems
Lord Shri Ram Adorned with Gems

जयपुर। चांदपोल बाजार स्थित मंदिर श्री रामचंद्र जी का 141 वां स्थापना दिवस शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रातःकाल विशेष पूजा-अर्चना के साथ 101 किलो देसी गाय के दूध से भगवान श्रीराम का भव्य अभिषेक किया गया।

अभिषेक के बाद भगवान श्री रामचंद्र को बहुमूल्य रत्नों एवं आकर्षक आभूषणों से सजाया गया, जिससे मंदिर परिसर दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तों ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शाम को गोविंद की गैया मंडल की ओर से भव्य बधाई उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।

यह संपूर्ण आयोजन महंत महाराज नरेंद्र तिवारी के सानिध्य एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण को और प्रगाढ़ किया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार 25 अप्रैल को श्री जानकी नवमी महोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को श्री जानकी जी के चरण दर्शन कराए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here