जयपुर। राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान मिशन जागृति के तहत जयपुर दक्षिण जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के निर्देशन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस टीमों ने सोडाला, ज्योति नगर, शिवदासपुरा, सांगानेर सदर और मुहाना थाना इलाकों में घेराबंदी कर कच्ची बस्तियों में डोर-टू-डोर सर्वे किया। इस दौरान संदिग्धों और पूर्व में चालान शुदा अपराधियों की सूची तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 5 प्रकरण दर्ज कर कुल 776 ग्राम गांजा, 6.28 ग्राम स्मैक और 14 ग्राम चरस बरामद की। इसके साथ ही 6,590 रुपए नकद, एक स्कूटी और 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में झुंझुनूं निवासी शरीफ काजी (सोडाला) से 14 ग्राम चरस, शिवा सांसी (ज्योति नगर) से 1.82 ग्राम स्मैक, टोंक निवासी सीमा सांसी (शिवदासपुरा) से 64 ग्राम गांजा, रणजीत सांसी (सांगानेर सदर) से 4.46 ग्राम स्मैक, 500 ग्राम गांजा व एक स्कूटी तथा सीकर निवासी ज्योति मालावत (मुहाना) से 212 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि नशे की सप्लाई या सेवन से जुड़ी जानकारी दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
यह कार्रवाई एडिशनल डीसीपी (दक्षिण) ललित शर्मा और एसीपी मानसरोवर आदित्य काकड़े के सुपरविजन में संबंधित थानाधिकारियों, डीएसटी और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से की।




















