जयपुर। राजधानी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए तैनात ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राह चलती छात्रा को परेशान करने वाले एक मनचले को सलाखों के पीछे पहुँचाया है। पुलिस ने आरोपी को उस वक्त दबोचा जब वह सादा वस्त्रों में तैनात टीम की निगरानी में छात्रा का पीछा कर रहा था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने बताया कि कालिका टीम की सदस्य संतोष, शर्मिला, संगीता और नीलम को एक महिला ने फोन कर अपनी भांजी के डरे होने की सूचना दी थी। टीम जब रात 9 बजे पीड़िता के घर पहुँची, तो पता चला कि दादी का फाटक स्थित प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा ने डर के मारे स्कूल जाना छोड़ दिया है। छात्रा ने बताया कि एक व्यक्ति स्कूल आते-जाते समय उसका पीछा करता है और खाली प्लॉट के पास ले जाकर अभद्र इशारे करता है।
छात्रा का आत्मविश्वास लौटाते हुए कालिका टीम ने उसे मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए तैयार किया और भरोसा दिलाया कि वे उसकी सुरक्षा के लिए साथ रहेंगी। सुबह 6:00 बजे टीम सादा वस्त्रों में रास्ते में तैनात हो गई। जैसे ही छात्रा घर से निकली, आरोपी उसका पीछा करने लगा और अश्लील बातें बोलने लगा। छात्रा का इशारा मिलते ही टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी महेन्द्र कुमार शर्मा (38) पुत्र रामेश्वर लाल शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलतः चोमू के धोबलाई का निवासी है और वर्तमान में श्याम नगर, बेनाड रोड पर रह रहा था। आरोपी को खोरा बीसल थाने की हवालात में बंद किया गया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त योगेश दाधीच के निर्देशन में संपन्न हुई।




















