गोविंद देवजी मंदिर में श्री सुरभि गायत्री महायज्ञ रविवार को

0
65
Shri Surabhi Gayatri Mahayagna at Govind Devji Temple on Sunday
Shri Surabhi Gayatri Mahayagna at Govind Devji Temple on Sunday

जयपुर। देश के सभी संतों-महंतों के सानिध्य में सनातन धर्मावलंबियों की ओर से 27 अप्रैल को चलाए जाने वाले गौ सम्मान आह्वान अभियान के समर्थन में रविवार, 26 अप्रैल को आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में सुबह आठ बजे से श्री सुरभि गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। युग तीर्थ शांतिकुंज के तत्वावधान में आयोजित यज्ञ में भगवान से गौमाता को राष्ट्र माता का सम्मान दिलाने की भाव भरी प्रार्थना की जाएगी। यज्ञ देसी नस्ल की गाय के गोबर से तैयार गौकाष्ठ से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया जाएगा। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली यज्ञ संपादित करागी। यज्ञ में सभी श्रद्धालुओं को आहुतियां अर्पित करने का अवसर मिलेगा। किसी भी प्रकार की सामग्री लाने की आवश्यकता नहीं है।

गौ संरक्षण पूरे समाज का दायित्व-गोस्वामी

शुक्रवार को आराध्य देव गोविंद देव जी मंदिर में ठाकुर श्री राधा गोविंद देव जी के श्रीचरणों में श्री सुरभि गायत्री महायज्ञ का पोस्टर अर्पित कर कार्यक्रम के निर्विघ्न रूप से संपन्न होने की कामना की गई। पोस्टर विमोचन के मौके पर अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता, पर्यावरण, वन, एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद के चेयरमैन राहुल द्विवेदी, गौ क्रांति मंच के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद कोठारी एवं अन्य भी उपस्थित रहे। श्री माध्व गौड़ेश्वराचार्य एवं गोविंद देवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी ने पोस्टर का विमोचन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कहा कि भारतीय परंपरा में गाय पशु नहीं, बल्कि आस्था, पोषण और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गो संरक्षण पूरे समाज का दायित्व है। गोवध पर रोक और गोमाता को सम्मान दिलाने के लिए जनजागरण और व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है। आमजन इस विषय को अपने जीवन से नहीं जोड़ेंगे, तब तक कोई भी आंदोलन प्रभावी नहीं हो सकता। समाज के सभी वर्गों—पुरुष, महिलाएं और युवा—को मिलकर शांतिपूर्ण और संगठित प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति गोमाता की पीड़ा को गहराई से समझ सकती है, इसलिए गोसंरक्षण के इस अभियान में उनकी भागीदारी निर्णायक साबित होगी।

भजनों से होगा गौमाता का गुणगान

महायज्ञ के बाद सुबह 10 बजे से गौ संकीर्तन होगा। आकांक्षा राव, कुंज बिहारी जाजू एवं अन्य भजनों के माध्यम से गौमाता का गुणगान करेंगे। शुक्रवार को गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में भी आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया गया।

क्या है गौ सम्मान आह्वान अभियान

गौ माता को उचित सम्मान और अनुदान मिले, भारत में गौहत्या पूरी तरह समाप्त हो, गौ माता को राष्ट्र माता, राष्ट्र देव, राष्ट्र आराध्या, राष्ट्र धरोहर और राष्ट्र आधार यानि गाय की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरे देश में 27 अप्रेल को जिला और उप खंड स्तर पर संबंधित अधिकारी को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिए जाएंगे। देश के सभी संत-महंत, गौ सेवी संगठन इस अभियान से जुड़े हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here