जयपुर। जिले के चौमूं थाना इलाके में जयपुर-सीकर हाईवे पर हाड़ौता पुलिया के पास सोमवार देर रात एक चलते ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेलर से धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेलर चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से ट्रेलर का कुछ हिस्सा, टायर और अन्य पुर्जे जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर जयपुर से सीकर की ओर जा रहा था और खाली था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य करवा दिया। अग्निशमन विभाग के फायरमैन अर्जुनलाल गुर्जर ने बताया कि समय पर कार्रवाई के चलते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। ट्रेलर चालक की पहचान दिनेश कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।



















