जयपुर। चौमूं थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद के शौक पूरे करने के लिए मोटरसाइकिलें चुराता था और उन्हें मॉडिफाई कर उपयोग में लेता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिलें, अलग-अलग वाहनों के पार्ट्स और नंबर प्लेटें बरामद की हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि चौमूं थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर वाहन चोर युवराज सिंह (22) निवासी प्रेमनगर (दौलतपुरा) को गिरफ्तार है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे मोटरसाइकिलों को मॉडिफाई कर चलाने का शौक है।
इसी शौक को पूरा करने के लिए वह चौमूं, हरमाड़ा, मुरलीपुरा सहित अन्य थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करता था। आरोपी घर वालों को यह बताता था कि वह फाइनेंस कंपनी में रिकवरी का काम करता है, ताकि किसी को शक न हो।
वह चोरी की गई मोटरसाइकिल के खराब होने पर उसे किसी सुनसान जगह छोड़ देता और दूसरी गाड़ी चोरी कर लेता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी की चार मोटरसाइकिलें, विभिन्न वाहनों के पार्ट्स और नंबर प्लेटें बरामद की हैं।
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता, सहायक पुलिस आयुक्त (चौमूं) आलोक सैनी और के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दिया।
थानाधिकारी हरबेन्द्र सिंह ने बताया कि वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने हॉटस्पॉट और घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के आने-जाने के रूट को चिन्हित किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी युवराज सिंह को दस्तयाब कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने करीब एक दर्जन मोटरसाइकिलें चोरी करने की वारदातें स्वीकार कीं।



















