आईपीएल वीआईपी पास की कालाबाजारी करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार

0
65
Six Accused Arrested for Black Marketing IPL VIP Passes
Six Accused Arrested for Black Marketing IPL VIP Passes

जयपुर। राजधानी के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल मैचों के दौरान वीआईपी पास की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का जयपुर पुलिस दक्षिण ने पर्दाफाश किया है। जहां अशोक नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी)ने बोगस ग्राहक बनकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.40 लाख रुपए कीमत के 13 वीआईपी पास,एक कार और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि जिला स्पेशल टीम (डीएसटी)की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। जहां आईपीएल मैचों के दौरान स्टेडियम के आसपास और सोशल मीडिया के माध्यम से टिकट व पास की कालाबाजारी की शिकायतों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान शुक्रवार को एसएमएस स्टेडियम क्षेत्र में होने वाले मैच से पहले मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक वीआईपी पास की कालाबाजारी कर रहे हैं। इस पर डीएसटी टीम ने स्टेडियम के आसपास व अन्य संदिग्ध स्थानों पर जाल बिछाते हुए बोगस ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया। सौदा तय होते ही टीम ने घेराबंदी करते हुए भावेश (22), अशोक कुमार (49), अर्जुन सैन (26), पवन कुमार (44), विपिन कुमार (27) और महीप माहेश्वरी (23) को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपित बनीपार्क, झोटवाड़ा, भीलवाड़ा, हरियाणा और माणक चौक क्षेत्र के रहने वाले है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पास को वास्तविक कीमत से 5 से 10 गुना अधिक दाम पर बेच रहे थे। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना अशोक नगर में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म और आधिकारिक पार्टनर के माध्यम से ही टिकट खरीदें। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या सोशल मीडिया विज्ञापन के झांसे में न आएं तथा कालाबाजारी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here