नकबजनी की वारदात करने वाला शातिर चोर व कबाड़ी गिरफ्तार

0
57
Cunning Burglar and Scrap Dealer Arrested for Burglary
Cunning Burglar and Scrap Dealer Arrested for Burglary

जयपुर। कानोता थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए शातिर चोर समेत चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए कीमत के पीतल के घरेलू बर्तन व एक गणेश जी की मूर्ति बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए आरपीएस आलोक सिंघल व सहायक पुलिस आयुक्त (बस्सी) लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन तथा थानाधिकारी मुनींद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।

टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शातिर नकबजन दिलीप योगी (23) पुत्र सीताराम योगी निवासी राजपूतों का मोहल्ला, नायला तथा चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी समसू आलम (34) पुत्र सईद हुसैन निवासी कच्ची बस्ती, बगराना को दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दिलीप योगी नशे का आदी है और चोरी किए गए सामान को अलग-अलग लोगों को गिरवी रखकर या बेचकर प्राप्त रकम से नशे की पूर्ति करता है। पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य नकबजनी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

जांच में सामने आया कि 29 अप्रैल को आरोपी दिलीप योगी ने नायला निवासी कैटरिंग कारोबारी विपिन झालानी के गोदाम का ताला तोड़कर कैटरिंग कार्य में उपयोग होने वाले पीतल के बर्तन व गणेश जी की मूर्ति चोरी कर ली थी और फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here