ऑपरेशन म्यूल हंटर: बैंक खाते किराए पर लेकर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
46

जयपुर। जालूपुरा थाना पुलिस ने ऑपरेशन म्यूल हंटर अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को झांसा देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेता था और उनमें साइबर ठगी की राशि मंगवाता था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र कुमार बैरवा (26) पुत्र घासी लाल बैरवा निवासी मंडावर, जिला टोंक के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी के पैसों के लेनदेन के लिए करता था।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर 17 अप्रैल को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए होटल केंडी पैलेस में दबिश दी गई। इस दौरान आरोपी ने खिड़की से कूदकर भागने की कोशिश की, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर उपचार के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद शुक्रवार को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साइबर ठगी में प्रयुक्त 19 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में आरोपी के सहयोगी सूरज शर्मा, अजय व अन्य की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में एएसआई धन्नाराम, हेड कॉन्स्टेबल काशीराम, कॉन्स्टेबल जितेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल शिवराज, आवेश दुबे, जगवीर सिंह व झाबरमल सहित साइबर यूनिट की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here