कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम बदलकर ‘इस्तीफा जनता पार्टी’ रख ले: अठावले

0
43

जयपुर। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले ने शनिवार को पिंक सिटी प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत में एसआईआर को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कॉकरोच जनता पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपना नाम बदलकर ‘इस्तीफा जनता पार्टी’ रख लेना चाहिए। सीजेपी ने ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

अठावले ने कहा कि सीजेपी नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान चर्चा में आई थी, लेकिन हर मामले में इस्तीफे की मांग करना उचित नहीं है। उन्होंने चुनाव आयोग और एसआईआर का बचाव करते हुए कहा कि आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची में अपात्र नाम हटाना और पात्र लोगों के नाम जोड़ना है। मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए गए आरोपों की जांच सरकार कराएगी।

उन्होंने राहुल गांधी पर ईवीएम को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के जीतने पर ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए जाते, जबकि एनडीए की जीत पर ईवीएम को जिम्मेदार ठहराया जाता है। अठावले ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 वर्ष तक प्रधानमंत्री रहेंगे और 2029 में भी एनडीए की सरकार बनेगी।

आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आगामी जनगणना में जातिवार आबादी के आंकड़े सामने आएंगे। उन्होंने ओबीसी की आबादी 52 प्रतिशत बताते हुए एससी-एसटी को मिलाकर यह आंकड़ा 77 प्रतिशत होने का दावा किया और आबादी के अनुपात में आरक्षण की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here