जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट से मुंबई के लिए स्पाइसजेट की नई उड़ान शुरू होने के सात दिन बाद भी एक बार भी संचालित नहीं हो सकी। एयरलाइन ने 7 नवंबर से फ्लाइट संख्या एसजी-701 और एसजी-702 का संचालन शुरू करने की घोषणा करते हुए इसका शेड्यूल भी जारी किया था, लेकिन पिछले सात दिनों में एक भी दिन उड़ान नहीं हुई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फ्लाइट को मुंबई से शाम 8:30 बजे जयपुर पहुंचना था। इसके बाद रात 9:30 बजे जयपुर से मुंबई के लिए रवाना होना था। नई उड़ान शुरू होने से जयपुर और मुंबई के बीच हवाई संपर्क बेहतर होने की उम्मीद थी, लेकिन लगातार संचालन नहीं होने से यात्रियों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
स्पाइसजेट की जयपुर-दुबई उड़ान का संचालन भी नियमित नहीं हो पा रहा है। इस रूट पर उड़ानें रद्द होने और देरी से संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। मुंबई और दुबई जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर उड़ानों के प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है। लगातार बिगड़ते उड़ान कार्यक्रम के चलते एयरलाइन की परिचालन व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
















