जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर शनिवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर-दिल्ली फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते रद्द करनी पड़ी। फ्लाइट संख्या आईएक्स-1370 में उड़ान से ठीक पहले तकनीकी समस्या सामने आई। उस समय विमान में यात्रियों की बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी और उड़ान की तैयारी चल रही थी।
तकनीकी खामी का पता चलते ही विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया। इसके बाद सभी यात्रियों को विमान से उतारकर वापस टर्मिनल भेज दिया गया। विमान की तकनीकी जांच की गई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद खराबी दूर नहीं हो सकी। ऐसे में एयरलाइन ने उड़ान रद्द करने का फैसला लिया और विमान को तकनीकी रूप से ग्राउंडेड घोषित कर दिया।
फ्लाइट रद्द होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि एयरलाइन की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से दिल्ली भेजने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। साथ ही टिकट का रिफंड उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।
















