जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल और तीन कार की स्टेपनी बरामद की हैं। वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा थार वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि पहली कार्रवाई मणिपाल यूनिवर्सिटी के सामने हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में की गई। परिवादी बसराज ने 3 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल यूनिवर्सिटी के सामने से चोरी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने यूनिवर्सिटी के आसपास गश्त बढ़ाई। 12 नवंबर को यूनिवर्सिटी के सामने पार्किंग में दो संदिग्ध एक मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ने का प्रयास करते मिले। पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राहुल (23) निवासी मीण्डा, थाना मारोठ, जिला डीडवाना-कुचामन और प्रिंस पारीक (21) निवासी मीण्डा के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से परिवाद में दर्ज मोटरसाइकिल सहित चोरी की कुल पांच बाइक बरामद की हैं।
दूसरी कार्रवाई थार गाड़ियों की स्टेपनी चोरी के मामले में की गई। परिवादी हेमराज ने 12 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनकी गाड़ी, राजेश मीणा की थार सहित एक अन्य थार गाड़ी मणिपाल तेजस्वी ग्रीन कॉलोनी स्थित दा प्राइम होम हॉस्टल के सामने खड़ी थी। अज्ञात चोरों ने तीनों गाड़ियों की स्टेपनी चोरी कर ली।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चेतन मीणा (23) निवासी लाखावास, थाना सेज और मनोज डागर (18) निवासी अजयराजपुरा, थाना सेज को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी की तीन स्टेपनी बरामद की गईं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा थार वाहन भी जब्त किया है।

















