जयपुर। जयपुर पूर्व पुलिस जिला की ओर से अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन शिकंजा के तहत कार्रवाई करते हुए 18 इनामी अपराधियों सहित टॉप-10 बदमाशों और सैकड़ों वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि एक महिने तक चले इस अभियान में हत्या, लूट और डकैती जैसे संगीन मामलों में वांछित अपराधियों को पकड़ने पर विशेष जोर दिया गया। इस अभियान के दौरान कुल 18 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 2 विशेष प्रकरणों में तथा 16 अन्य वारंटों में वांछित थे। इसके अलावा 33 अपराधी टॉप-10 सूची में शामिल रहे।
पुलिस ने 301 स्थाई वारंट और 302 गिरफ्तारी वारंटों का निस्तारण करते हुए वांछितों को गिरफ्तार किया। वहीं आर्म्स एक्ट के तहत 7 प्रकरण दर्ज कर 8 आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 3 पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 2 देशी कट्टे और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।इस अभियान के दौरान हत्या के मामले में कोटा निवासी वीरेंद्र लोधी को गिरफ्तार किया गया। हत्या के प्रयास में अक्षय कश्यप, अजय मीणा उर्फ सोनू, दिलराज, सुरेश कश्यप एवं हीरा देवी को दबोचा गया। इसके अलावा
लूट के मामलों में गजेन्द्र सिंह सिकरवार, भीमा गुर्जर, राज सिंह, विनोद चौधरी, विशाल उर्फ बिस्सु, शालू, सुनील एवं सोहेल कुरैशी को गिरफ्तार किया गया। वहीं आर्म्स एक्ट के तहत राहुल घुरैया, गौरव उर्फ टोना, दिलीप कलवाणी, श्योजी राम मीना, राजू लगड़ा, हंसराज वर्मा एवं हरिशंकर को पकड़ा गया। इसके अलावा अवैध हथियारों के विरुद्ध कार्रवाई में राहुल घुरैया, विवेक शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, शिवनारायण, हनुमान मीणा, राज सिकरवार, ओमप्रकाश उर्फ ओमी बना और राज अहीरवाल जैसे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इस पूरे अभियान का सुपरविजन अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) आलोक सिंघल ने किया। कार्रवाई को सफल बनाने के लिए समस्त सहायक पुलिस आयुक्त, थानाधिकारी, डीएसटी और साइबर सेल की विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और संगठित अपराधों को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



















