दो हजार सफाई कर्मियों के साथ जयपुर नगर निगम का क्लीन स्वीप अभियान नौ मई से

0
146
Jaipur Municipal Corporation's 'Clean Sweep' campaign, involving 2,000 sanitation workers, begins on May 9.
Jaipur Municipal Corporation's 'Clean Sweep' campaign, involving 2,000 sanitation workers, begins on May 9.

जयपुर। गुलाबी नगरी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में जयपुर नगर निगम 9 मई की रात विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाने जा रहा है। यह रात्रिकालीन विशेष अभियान रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक संचालित होगा, जिसके तहत शहर विशेषकर परकोटा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।

जयपुर नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया जा रहा है। रात्रिकालीन समय में अभियान चलाने का उद्देश्य यातायात बाधा से बचते हुए सफाई कार्य को सुचारू रूप से पूरा करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य फोकस हेरिटेज क्षेत्र रहेगा, जहां सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए करीब 2000 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। सफाई कर्मियों को हूपर, झाड़ू, डंपर, हाथ गाड़ी, फावड़ा, गम बूट, टॉर्च और विशेष नाइट जैकेट सहित सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे।

अभियान के सफल संचालन के लिए निगम प्रशासन ने 36 बीट्स का गठन किया है। प्रत्येक बीट में अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि पूरी व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग हो सके।

इस विशेष अभियान में उद्योग जगत का सहयोग भी देखने को मिला है। सीआईआई के स्टेट हेड नितिन गुप्ता तथा डेनिश पावर लिमिटेड के सीएमडी शिवम तलवार द्वारा सफाई कर्मियों को ब्रांडेड इंसुलेटेड पानी की बोतलें उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे उन्हें कार्य के दौरान पेयजल सुविधा मिल सके।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार बीते एक माह में शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने की दिशा में यह तीसरी बड़ी पहल है। निगम का लक्ष्य जयपुर को देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों की श्रेणी में शामिल करना है, ताकि गुलाबी नगरी अपनी ऐतिहासिक विरासत के साथ स्वच्छता के लिए भी नई पहचान बना सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here