आईपीएल मैच को लेकर यातायात पुलिस की तैयारी: शाम सवाई मानसिंह स्टेडियम के आसपास रहेगा रूट डायवर्जन

0
225

जयपुर। सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार को होने वाले राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस आईपीएल टी-20 क्रिकेट मैच को लेकर जयपुर यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। मैच देखने आने वाले हजारों दर्शकों, वीआईपी, विशिष्ट अतिथियों और खिलाड़ियों की सुरक्षा व सुगम यातायात संचालन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस ने मैच के दौरान स्टेडियम के आसपास के इलाकों को ‘नो-पार्किंग जोन’ घोषित किया है और सुचारू आवागमन के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है।

वाहनों के अत्यधिक दबाव पर यहाँ रहेगा डायवर्जन

यातायात पुलिस उपायुक्त योगेश गोयल के अनुसार मैच के दौरान शाम को वाहनों का दबाव बढ़ने पर निम्नलिखित स्थानों से रूट डायवर्ट किया जाएगा। जिसके चलते यूनिवर्सिटी मोड़ (टोंक रोड) की तरफ आने वाले सामान्य यातायात को जनता स्टोर से डायवर्ट कर समानांतर मार्गों पर भेजा जाएगा।

वहीं सामान्य वाहनों को गांधीनगर मोड़ से गांधी सर्किल की तरफ तथा आर.बी.आई. कट से गणेश मंदिर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। रामबाग चौराहा की तरफ जाने वाले सामान्य यातायात को जे.डी.ए. चौराहा से गांधी सर्किल या त्रिमूर्ति सर्किल की तरफ मोड़ा जाएगा। अम्बेडकर सर्किल की तरफ आने वाले सामान्य यातायात को पृथ्वीराज रोड व भगीरथ मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

अम्बेडकर सर्किल की तरफ आने वाले यातायात को आवश्यकतानुसार हवा सड़क या ज्योति नगर टी-प्वाइंट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। टोंक रोड से पंकज सिंघवी मार्ग पर जाने वाले वाहनों को टोंक रोड पर सीधा निकाला जाएगा।

मैच के दौरान शाम को इन प्रमुख सड़कों पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहेगा। पुलिस ने आमजन से इन मार्गों के बजाय समानांतर रास्तों का प्रयोग करने की अपील की है। इसके अलावा गांधीनगर मोड़ से नारायण सिंह तिराहा तक (टोंक रोड), जे.डी.ए. चौराहा से रामबाग चौराहा, अम्बेडकर सर्किल और 22 गोदाम तक (भवानी सिंह रोड), स्टैच्यू सर्किल से अम्बेडकर सर्किल तक (भगवान दास रोड) जनपथ, पंकज सिंघवी मार्ग और कठपुतली मार्ग पर यातायात का दबाव रहेगा।

साथ ही सवाई मानसिंह स्टेडियम का पूरा बाहरी क्षेत्र ‘नो-पार्किंग जोन’ रहेगा। हालांकि, दर्शकों की सुविधा के लिए ओला, उबर और रैपिडो जैसे राइड-शेयरिंग वाहनों के लिए निर्धारित पिकअप और ड्रॉप पॉइंट्स तय किए गए हैं।

एम्बुलेंस को निर्बाध रास्ता

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मैच के दौरान एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के आपातकालीन वाहनों के आवागमन पर किसी भी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रहेगा और वे निर्बाध रूप से आ-जा सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here