मंदिर में माथा टेकने गई युवती का एप्पल लैपटॉप चोरी करने वाला गिरफ्तार

0
55
Thief Who Stole Young Woman's Apple Laptop at Temple Arrested
Thief Who Stole Young Woman's Apple Laptop at Temple Arrested

जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंदिर से एप्पल कंपनी का कीमती लैपटॉप चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपित रायसर प्लाजा में मोबाइल और लैपटॉप रिपेयरिंग का काम करता है।

जो अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपित से पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि श्रीगंगानगर निवासी और हाल मालवीय नगर की रहने वाली अमीषा गर्ग ने मामला दर्ज कराया था कि वह 2 मई की सुबह मालवीय नगर स्थित विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने गई थी। उसने अपना लैपटॉप बैग मंदिर की बेंच पर रखा और माथा टेकने चली गई। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी तो बेंच से एप्पल का लैपटॉप और बैग गायब मिला।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और थानाधिकारी महेश चन्द्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी अनुसंधान की मदद से संदिग्धों पर नजर रखी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपित अभिषेक शर्मा (27) निवासी बांसखोह (बस्सी) हाल नारायण विहार जयपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अभिषेक शर्मा आदतन अपराधी है।

वह जयपुर के प्रसिद्ध इलेक्ट्रॉनिक मार्केट रायसर प्लाजा में मोबाइल व लैपटॉप मैकेनिक का काम करता है। मैकेनिक होने के कारण उसे गैजेट्स की अच्छी समझ है और वह चोरी के लैपटॉप को आसानी से खपाने की फिराक में रहता था। आरोपित के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों (जैसे गांधीनगर) में पहले से ही करीब आधा दर्जन चोरी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपी से जयपुर शहर के अन्य इलाकों में की गई लैपटॉप चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है, जिससे कई अन्य खुलासे होने की उम्मीद है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी महेश चन्द्र,सहायक उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार,कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह,मनोज कुमार और रौनक शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here