लॉरेंस गैंग से जुड़े नेटवर्क पर एटीएस का शिकंजा: सात जिंदा कारतूस सहित एक युवक गिरफ्तार

0
48
ATS Tightens Grip on Network Linked to Lawrence Gang
ATS Tightens Grip on Network Linked to Lawrence Gang

जयपुर। राजस्थान एटीएस ने संगठित अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस गैंग से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।

आरोपित के कब्जे से सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपित के फरार गैंगस्टर सुनील कुमार मीणा उर्फ एसके से संपर्क सामने आए हैं, जिसे लॉरेंस गैंग का करीबी माना जाता है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली थी कि आरोपित अनिल कुमार जाट उर्फ मोंटी हथियार तस्करी और गैंग से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय है।

जांच में सामने आया कि आरोपित जयपुर ग्रामीण के सामोद थाना क्षेत्र स्थित बांसा कुशलपुरा गांव का निवासी है और लंबे समय से फरार गैंगस्टर सुनील कुमार मीणा उर्फ एसके के संपर्क में था। पुलिस के अनुसार सुनील मीणा मूल रूप से करतारपुर ग्रामीण, जालंधर का निवासी है और वर्तमान में विदेश में फरारी काट रहा है। उसके विदेशी गैंगस्टरों, खासकर पाकिस्तान में बैठे अपराधियों से भी संपर्क होने की जानकारी मिली है।

एटीएस ने अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने घर में कारतूस छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद एटीएस ने जयपुर ग्रामीण पुलिस से समन्वय स्थापित किया।

सूचना के आधार पर सामोद थाना प्रभारी गोपीचन्द के नेतृत्व में उप निरीक्षक बाबूलाल एवं टीम ने आरोपित के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान की सीढ़ियों में छिपाकर रखे गए 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपित अनिल कुमार जाट उर्फ मोंटी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब उसके गैंग कनेक्शन, हथियारों के स्रोत और संभावित नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here