जयपुर। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के आयुर योग एवं प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी विभाग की ओर से हृदय रोग जागरूकता शिविर एवं निःशुल्क उच्च रक्तचाप स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कायचिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. एच.एम.एल. मीणा ने किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने कहा कि उच्च रक्तचाप आज हृदयाघात, स्ट्रोक और किडनी रोग जैसी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। उन्होंने तनाव मुक्त जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित योग और समय पर स्वास्थ्य जांच को आवश्यक बताया।
प्रो. आर.के. जोशी ने जानकारी दी कि संस्थान की नई ओपीडी सुश्रुत भवन के कक्ष नंबर-3 में प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी ओपीडी सप्ताह में छह दिन संचालित की जा रही है, जहां रोगियों को जांच, परामर्श और योग-प्राणायाम की जानकारी दी जाती है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डॉ. दीप्ति बिष्ट द्वारा बेसिक लाइफ सपोर्ट और सीपीआर का प्रशिक्षण भी दिया गया। इस दौरान प्रो. उदय राज, प्रो. शरद पोर्ट, डॉ. अभिषेक उपाध्याय, डॉ. रोहित कुमार सहित चिकित्सक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



















