जयपुर। रामनगरिया थाना इलाके में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसा 14 मई की शाम जगतपुरा पुलिया के पास हुआ, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
एएसआई सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे में पूनम विहार जगतपुरा निवासी सुनीता बैरवा (51) पत्नी ओमप्रकाश और सुगना देवी (50) पत्नी जगदीश कुमार की मौत हो गई। दोनों आपस में सहेलियां थीं। जो रेलवे कॉलोनी आनंद विहार स्थित रिश्तेदार के घर से लौट रही थीं।
इस दौरान बीएल हॉस्पिटल के सामने जगतपुरा पुलिया के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों महिलाएं करीब 20 फीट दूर जाकर गिरीं। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने जयपुरिया अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए। परिजनों द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बाइक सवार की करतूत सामने आई, जिसके आधार पर रामनगरिया थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बाइक चालक की तलाश में जुटी है। हालांकि घटना के कई दिन बाद भी आरोपित बाइक सवार युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।



















