जयपुर। दौलतपुरा थाना इलाके में सोमवार-मंगलवार मध्यरात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं इस हादसे में तीसरा युवक उछलकर दूर गिरने से बाल-बाल बच गया। यह घटना जयपुर-दिल्ली हाईवे पर दौलतपुरा पुलिया के नीचे हुई।
हेड कांस्टेबल महावीर ने बताया कि तीनों युवक जमवारामगढ़ थाना क्षेत्र के रायसर गांव निवासी थे। मृतकों की पहचान महेश कुमार गुर्जर (33) और कैलाश योगी (40) के रूप में हुई है, जबकि महेश का भाई मुकेश हादसे में सुरक्षित बच गया।
हेड कांस्टेबल महावीर ने बताया कि तीनों युवक घर निर्माण के लिए सरिया खरीदने जयपुर आए थे। वापस लौटते समय हाईवे पर रोड क्रॉस करते दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें डंपर बाइक सवार युवकों को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रहा है। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए, जबकि पीछे बैठा मुकेश दूर जा गिरा और बच गया।
हेड कांस्टेबल महावीर ने बताया कि मुकेश काफी देर तक घायल साथियों के पास खड़ा होकर मदद के लिए चिल्लाता रहा। लेकिन कोई वाहन चालक नहीं रुका। इसके बाद में टोल एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कैलाश को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि महेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।



















