फर्नीचर कारोबारी बनकर छिपे नार्को-25’ का कुख्यात तस्कर मंदसौर से गिरफ्तार

0
32

जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन मद्वैतेश के तहत एक लाख रुपए के इनामी कुख्यात तस्कर विश्नाराम को मध्यप्रदेश के मंदसौर से गिरफ्तार किया है। राजस्थान के टॉप मोस्ट ‘नार्को-25’ तस्करों में शामिल विश्नाराम पिछले करीब दो साल से फरार था।

आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए पहचान बदलकर मंदसौर में फर्नीचर का कारोबार शुरू कर लिया था। जोधपुर से बुलाए गए कारीगरों की गतिविधियों की निगरानी के जरिए एएनटीएफ टीम उस तक पहुंची और पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में नशे की पार्टी के दौरान उसे दबोच लिया।

एएनटीएफ आईजी विकास कुमार के अनुसार 32 वर्षीय विश्नाराम बाड़मेर के रीको थाना क्षेत्र के कुड़ला का निवासी है और 12वीं तक पढ़ा है। परिवार में दादा को डोडा पोस्त का नशा करते देखकर उसने कम समय में मोटी कमाई के लिए तस्करी का रास्ता चुना। शुरुआत में खलासी के तौर पर काम करते हुए उसने नीमच और मंदसौर के बड़े तस्करों से संपर्क बनाया। इसके बाद मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लाकर राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने का नेटवर्क खड़ा कर लिया।

करीब 12 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय विश्नाराम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, आम्र्स एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी और मारपीट सहित 18 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

एएनटीएफ आईजी ने बताया कि राजस्थान में एएनटीएफ की बढ़ती कार्रवाई के बाद विश्नाराम ने ठिकाने बदलना शुरू कर दिया और पहचान छिपाकर मंदसौर में रहने लगा। स्थानीय स्तर पर पुलिस और खुफिया एजेंसियों से बचने के लिए उसने खुद को फर्नीचर कारोबारी के रूप में स्थापित कर लिया।

काम के लिए उसने जोधपुर से कुछ कारीगर भी मंदसौर बुलाए। एएनटीएफ को मुखबिर से विश्नाराम के मंदसौर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने जोधपुर से आए कारीगरों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। उनकी ट्रैकिंग करते हुए टीम पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के उमरिया गांव तक पहुंची।

एएनटीएफ टीम ने उमरिया गांव में दबिश दी तो विश्नाराम अपने तस्कर साथी के रिश्तेदार के मकान में कारीगरों और अन्य सहयोगियों के साथ नशे की पार्टी कर रहा था। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे भागने का मौका नहीं दिया और मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित विश्नाराम के खिलाफ बाड़मेर के सदर, कोतवाली, महिला थाना, रीको, नागाणा, चौहटन और गिड़ा, जोधपुर कमिश्नरेट, पाली के सुमेरपुर, प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी तथा हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सुशांत लोक सहित विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें आम्र्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या का प्रयास और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी के अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क और उसके सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here