जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर इन दिनों पूरी तरह आध्यात्मिक और धार्मिक रंग में रंगी हुई नजर आ रही है। शहर में एक के बाद एक हो रहे भव्य 108 कुण्डीय महायज्ञों में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ रहा है। इसी श्रृंखला में विद्याधर नगर स्थित प्रसिद्ध ‘पापड़ वाले हनुमान मंदिर’ प्रांगण में 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ।
इससे पूर्व भवानी निकेतन परिसर में भी 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ का सफल आयोजन संपन्न हो चुका है। इस 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ की शुरुआत बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई है। यह धार्मिक अनुष्ठान 20 मई से शुरू होकर 24 मई (रविवार) तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 24 मई को महायज्ञ की पूर्णाहुति और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
2100 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा- विद्याधर नगर में आयोजित हो रहे महायज्ञ की शुरुआत बेहद भव्य और मनमोहक मंगल कलश यात्रा के साथ हुई। इस कलश यात्रा में पारंपरिक परिधानों में सजी 2100 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर क्षेत्र में परिक्रमा की। कलश यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
1008 आसनों पर सुंदरकांड और संत प्रवचन – इन महायज्ञों की मुख्य विशेषता इनकी विशालता और आध्यात्मिक अनुशासन है। आयोजनों के तहत यज्ञशाला में विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी जा रही हैं।
इसके साथ ही परिसर में विशेष रूप से 1008 आसनों पर सामूहिक सुंदरकांड पाठ, भक्तमाल कथा और देश के प्रतिष्ठित संतों-महात्माओं की प्रवचन श्रृंखलाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं।
मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य पहुंचे – इन धार्मिक अनुष्ठानों में न केवल स्थानीय आमजन बल्कि राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों की भी गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिल रही है।
विभिन्न आयोजनों में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई गणमान्य नेताओं, समाजसेवियों और प्रमुख संतों ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर आहुति दी और संतों-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त कर आशीर्वाद लिया। यज्ञ को लेकर स्थानीय भक्तों और आयोजन समितियों में भारी उत्साह है और प्रतिदिन हजारों लोग धर्म लाभ उठा रहे हैं।



















